उजाला टुडे संवाददाता
कोंडागांव, 21 मई 2025 — कोंडागांव जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में जिले के 69 अधिकारियों को मध्यम कुपोषित बच्चों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में कलेक्टर ने आज आंगनबाड़ी केंद्र बंधापारा पहुंचकर एक बच्चे लव्यांश से भेंट की और उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चे की माँ को नियमित पोषण आहार देने और साप्ताहिक वजन जांच कराने की समझाइश दी।
कलेक्टर ने केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए मरम्मत, वाटर हार्वेस्टिंग और पोषण वाटिका निर्माण के निर्देश दिए। इस अवसर पर यूनीसेफ के विशेषज्ञ भी उपस्थित थे। जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई ने भी शीतला पारा-1 आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर बच्चे पुष्कर देवांगन के परिवार से मिलकर पोषण संबंधी सुझाव दिए।

एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने गोद लिए बच्चों से मिलकर मार्गदर्शन किया। ये अधिकारी बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और चिकित्सा सुविधाओं की निगरानी करेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों में निरीक्षण के दौरान बच्चों को सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
