उजाला टुडे संवाददाता
कोंडागांव, 21 मई 2025/ श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर आखिरकार सुनवाई हो गई है। साप्ताहिक जनदर्शन में वार्डवासियों द्वारा सड़क और नाली निर्माण की शिकायत के बाद कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दुर्गाबाड़ी के पीछे स्थित दूसरे नंबर गली की सड़क की स्थिति बेहद जर्जर थी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, तीसरे नंबर गली में अब तक नाली का निर्माण नहीं हुआ था, जिससे गंदे पानी की निकासी बाधित हो रही थी और दुर्गंध फैल रही थी।
जनदर्शन में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर पालिका को निर्देशित किया कि जांच के पश्चात आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। निर्देश मिलते ही आज से नाली निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही सड़क मरम्मत व निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने स्वयं श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड पहुंचकर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे भी उनके साथ मौजूद रहे। कलेक्टर की सक्रियता से वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
