संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिपावंड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 200 पौधे रोपे गए
उजाला टुडे कोण्डागांव, 07 जुलाई 2025/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिपावंड में स्काउट गाइड शिविर के समापन पर एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुए इस आयोजन में बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कुल 200 पौधों का वितरण किया गया, जिनमें से कई को विद्यालय परिसर में रोपा गया, जबकि शेष पौधे बच्चों को अपने घरों में लगाने के लिए दिए गए।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने अपने संबोधन में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि, “हर व्यक्ति को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए, ताकि वह अपने हिस्से की ऑक्सीजन स्वयं तैयार कर सके।” उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और हेलमेट पहनने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ कृषि के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने नागेंद्र पोयाम, सहेजस दहिकोंगा, तुष्कर पटेल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीपरा), और निराली मंडल एवं प्रज्ञा साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिपावंड) जैसे विद्यार्थियों से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर संवाद किया।
इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, स्काउट गाइड के सदस्य, शाला प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पंच, सरपंच, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण कर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

