संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों पर विश्रामपुरी पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाही
उजाला टुडे कोंडागांव, 8 जुलाई 2025 – कोंडागांव जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए, पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के दिशानिर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में, विश्रामपुरी पुलिस ने अन्य राज्यों से आए 8 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के निवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बाहरी राज्यों से आए मुसाफिरों और फेरीवालों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों में बिना सूचना या अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर डेरा डालना, संदिग्ध रूप से घूमना, क्षेत्र में गंदगी फैलाना, लड़ाई-झगड़ा कर अशांति फैलाना और चोरी व अन्य अपराधों की आशंका शामिल थी।
क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों से मौखिक और फोन पर मिली इन सूचनाओं के बाद, थाना प्रभारी विश्रामपुरी विनोद नेताम ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बाहरी मुसाफिरों के खिलाफ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत थाना क्षेत्र में घूम रहे मुसाफिरों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध पाए जाने पर, 8 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन और संदिग्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
