संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अन्य राज्यों से आए 6 संदिग्धों पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
उजाला टुडे कोण्डागाँव:- जिले की केशकाल पुलिस ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अहम कार्रवाई की है। अन्य राज्यों या जिलों से आकर अवैध रूप से रह रहे 6 संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। यह कदम क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया है।
पुलिस अधीक्षक वी. अक्षय कुमार के दिशानिर्देशन, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में, केशकाल पुलिस ने बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान चलाया।
दरअसल, केशकाल थाना क्षेत्र के लोगों और प्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाहरी राज्यों से आए मुसाफिर और फेरीवाले बिना किसी सूचना या अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर डेरा डाल रहे हैं। रात में संदिग्ध रूप से घूमना, गंदगी फैलाना, लड़ाई-झगड़ा कर अशांति फैलाना, और चोरी व अन्य अपराधों को अंजाम देने की आशंका जैसी शिकायतें प्रमुख थीं।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाहरी मुसाफिरों का सत्यापन अभियान शुरू किया। सत्यापन के दौरान, जिन 6 व्यक्तियों की उपस्थिति संदिग्ध पाई गई, उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 128 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। न्यायालय अनुविभागीय दंडाधिकारी, केशकाल के आदेश पर इन सभी को जगदलपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन जारी रहेगा, और संदिग्ध पाए जाने पर निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
