संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

अवैध प्रेम संबंध बना हत्या का कारण: कोंडागांव पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, दो गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव- 12 जुलाई 2025 – कोंडागांव पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला एक अवैध प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है, जहां पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय विदेश मरकाम और रवीना नागरची को धर दबोचा है। हत्या में प्रयुक्त हथियार, एक क्रिकेट बैट भी बरामद कर लिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
30 जून 2025 को माकड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम मगेदा जंगल, पाउरवेल (ओडिशा) जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक अज्ञात पुरुष का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलते ही माकड़ी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 27/2025, धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या से संबंधित प्रतीत होने पर अपराध धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मृतक की पहचान और जांच टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव वाय. अक्षय कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोंडागांव रुपेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जांच के विभिन्न पहलुओं पर काम किया।
मृतक की पहचान में महत्वपूर्ण सुराग उसके पैंट से मिली एक जली हुई पीले रंग की एंटी-रैबिस अस्पताल पर्ची से मिला, जिसमें “धर्मवीर, उम्र 33 वर्ष, निवासी नाथम” अंकित था। एंटी-रैबिस वैक्सीन शेड्यूल कार्ड के आधार पर तमिलनाडु के धरमपुरी अस्पताल से संपर्क किया गया। अस्पताल से मिली जानकारी और मृतक के दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर उसके मालिक से पूछताछ की गई, जिसने बताया कि धर्मवीर नेताम इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था और 27.06.2025 को उसका मित्र विदेश मरकाम उर्फ लंबू उसे लेकर चला गया था, जिसके बाद उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।
तमिलनाडु से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मवीर नेताम निवासी नगरी, थाना नगरी, जिला धमतरी, छत्तीसगढ़ का रहने वाला था और उसकी पत्नी रवीना नागरची भी नगरी, जिला धमतरी में ही रहती थी। इसके बाद रवीना नागरची और परिजनों से संपर्क कर शव की तस्वीरें दिखाई गईं, जिस पर उन्होंने अज्ञात शव की पहचान धर्मवीर नेताम के रूप में की।
संदिग्ध गतिविधियों और गिरफ्तारी
जांच के दौरान, पुलिस ने क्षेत्र के सभी उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया और मोबाइल टावर डेटा का विश्लेषण किया। हजारों नंबरों की गतिविधियों का अध्ययन करने के बाद कुछ संदिग्ध नंबरों को चिह्नित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्ध नंबरों की पहचान और पूछताछ के लिए कई टीमों को रवाना किया गया।
इसी दौरान, घटना स्थल के मोबाइल टावर डेटा के अवलोकन से विदेश मरकाम का मोबाइल घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद पाया गया, जिससे उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। साथ ही, विदेश मरकाम और रवीना के बीच अत्यधिक बातचीत होने का भी पता चला, जिस पर लगातार निगरानी रखी गई। उनके मोबाइल डेटा के अवलोकन से पता चला कि घटना के बाद विदेश मरकाम लगातार अपना लोकेशन और मोबाइल नंबर बदल रहा था।
इसी बीच सूचना मिली कि विदेश मरकाम तमिलनाडु से वापस कोंडागांव की ओर आ रहा है। माकड़ी थाना और सायबर टीम ने विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी कर विदेश मरकाम को कोंडागांव बस स्टैंड से पकड़ लिया। अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसका और मृतक की पत्नी रवीना के बीच प्रेम संबंध थे। मृतक धर्मवीर अपनी पत्नी रवीना को इस बात को लेकर लगातार मारपीट कर प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर दोनों ने मिलकर धर्मवीर को मारने की योजना बनाई थी।
सुनियोजित हत्या का खुलासा
विदेश मरकाम ने पुलिस को बताया कि 27 जून 2025 को मृतक धर्मवीर के स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलने पर, मृतक की पत्नी रवीना के कहने पर, पूर्व नियोजित हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए वह धरमपुरी, तमिलनाडु गया। वहां से वह धर्मवीर को अपने साथ नगरी लाने के लिए रवाना हुआ। रास्ते में धर्मवीर को रास्ते की जानकारी न हो, यह सोचकर अलग-अलग स्थानों पर शराब पिलाई गई।

नगरी न ले जाकर, उसे ओडिशा के रायघर ले जाया गया, जहां धर्मवीर को मारने के लिए एक क्रिकेट बैट और शव की पहचान छुपाने व जलाने के लिए 2 लीटर पेट्रोल तथा माचिस खरीदी गई। रायघर से उसे सुनियोजित मगेदा के जंगलों में ले जाकर, उसे फिर से शराब पिलाई गई और पास में रखे क्रिकेट बैट से उसके सिर पर लगातार वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद, पास रखे पेट्रोल से शव को जलाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक बारिश के कारण वह जल नहीं पाया।
मगेदा के जंगल को हत्यारों ने सुराग मिटाने और मृतक की पहचान छिपाने के लिए चुना था, लेकिन पुलिस के अथक प्रयास और तकनीकी टीम की सहायता से कोंडागांव पुलिस मृतक की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी
* विदेश मरकाम पिता लच्छानाथ मरकाम, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कंडेतरा, थाना कुदई, जिला नवरंगपुर, ओडिशा।
* रवीना गागरची उर्फ रविना नागेश पति स्व. धमरवीर सिंह कमार उर्फ नेताम, उम्र 23 वर्ष, निवासी उमरगांव, थाना सिहावा, जिला धमतरी, हाल पता ग्राम कुकरेल, थाना केरेगांव, थाना नगरी, जिला धमतरी, छत्तीसगढ़।
इस संपूर्ण कार्यवाही में सायबर सेल से निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उनि अमिताभ खंडेकर, प्रआर0 लूमन भंडारी, अजय बघेल, रीतूराज सिंह, आरक्षक जितेंद्र यादव, मनोज मरकाम, बीजू यादव, कृष्णा मरकाम अजय देवांगन, चंदन यादव, परमेश्वर साहू, संतोष कोडोपी, बीजू यादव, बिरझू सोरी, जितेंद्र मरकाम, थाना माकड़ी से निरीक्षक विकास बघेल, सउनि गिरीश कतलम, सुमित्रा सेठिया प्रआर दशरथ मकराम, मोनाराम मंडावी आरक्षक धन्नूराम पटेल, सुखदेव कुंजाम, महिला आरक्षक सुगंतीन का विशेष सहयोग रहा।
