संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कलेक्टर ने किया पालना केंद्र, बाल गृह और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण; एक सप्ताह में सुधार के सख्त निर्देश
कोण्डागांव, 12 जुलाई 2025 – कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शनिवार को जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला कार्यालय परिसर स्थित पालना केंद्र, गांधी वार्ड स्थित बालक बालगृह, तहसीलपारा स्थित बालिका बालगृह और बाजारपारा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों के लिए सुविधाओं में

सुधार के सख्त निर्देश दिए।
पालना केंद्र और बालक बालगृह में मिली खामियां
सबसे पहले पालना केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली और पर्याप्त रोशनी तथा आकर्षक रंग-रोगन करने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन का भी अवलोकन कर पोषण आहार की गुणवत्ता की जानकारी ली।
इसके बाद गांधी वार्ड स्थित बालक बालगृह का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां रोशनी की कमी पर असंतोष जताया और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के लिए उपयोग में लाए जा रहे गद्दे, बेडशीट और कंबलों को बदलने के भी निर्देश दिए। स्टडी कक्ष और कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन करने पर कंप्यूटर खराब और बिना कीबोर्ड के पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। इन कमियों को देखते हुए उन्होंने संस्थान प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी और बालिका बालगृह का भी निरीक्षण
कलेक्टर ने बाजारपारा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने केंद्र में मौजूद सुविधाओं के साथ-साथ पुनर्निर्माण के तहत किए गए कार्यों की प्रगति देखी।
तहसीलपारा स्थित बालिका बालगृह में भी कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यहां भी गद्दे और बेडशीट बदलने तथा बच्चों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के अंत में, कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण मिल सके।
