संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

फरसगांव पुलिस का ‘ऑपरेशन तलाश’ सफल: 9 दिन से लापता जनपद सदस्य सकुशल बरामद
फ़रसगांव, कोण्डागांव: फ़रसगांव पुलिस ने अपने ‘ऑपरेशन तलाश’ अभियान के तहत नौ दिन पहले लापता हुई एक जनपद सदस्य महिला को सकुशल ढूंढ निकाला है. परिजनों ने फ़रसगांव पुलिस के इस सहयोगात्मक और सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जयलाल कोर्राम (46) निवासी आलोर खासपारा, हाल झुलनाडिही, थाना फ़रसगांव ने 16 जुलाई, 2025 को थाने में अपनी पत्नी रैयमति कोर्राम (45), जो कि जनपद सदस्य हैं, की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जयलाल ने बताया कि उनकी पत्नी 09 जुलाई, 2025 को बिना बताए घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटीं. आस-पास और रिश्तेदारों के यहां पता लगाने पर भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई. फ़रसगांव थाने में तत्काल गुम इंसान क्रमांक 29/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए, कोंडागांव पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशन पर, एडिशनल एसपी कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फ़रसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. इस टीम ने लगातार हर संभव तरीके से गुमशुदा महिला की तलाश की.

पतासाजी के दौरान, पुलिस को गुमशुदा महिला के ग्राम तितरकुटी, थाना परपा, जगदलपुर, जिला बस्तर क्षेत्र में होने की सूचना मिली. तत्काल पुलिस टीम तितरकुटी, जगदलपुर पहुंची और गुमशुदा रैयमति कोर्राम से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि वह जनपद सदस्य ग्राम आलोर की रहने वाली हैं और अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थीं.

पुलिस ने रैयमति कोर्राम को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया. फ़रसगांव पुलिस के इस त्वरित और प्रशंसनीय कार्य से परिजन अपनी गुमशुदा सदस्य को अपने बीच पाकर बेहद खुश हुए और उन्होंने फ़रसगांव पुलिस को धन्यवाद दिया.
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी संजय सिंदे, सउनि. यशवंत सेन, महिला प्रधान आरक्षक बीना मंडावी, आरक्षक मनोज वट्टी, नारायण शार्दूल और महिला आरक्षक लक्ष्मी मरकाम की विशेष भूमिका रही.
