संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

कोंडागांव में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा: संभागीय संयुक्त संचालक राकेश पांडे ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
उजाला टुडे कोंडागांव, 24 जुलाई 2025: संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, राकेश पांडे ने आज गुरुवार को जिला कार्यालय में जिले के विभागीय अधिकारियों की बैठक ली. इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यों और सभी शासकीय योजनाओं की गहन समीक्षा की.

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत पंजीयन के कार्य को गंभीरता से लेने पर उन्होंने विशेष जोर दिया. इसके अतिरिक्त, श्री पांडे ने जिले में पुस्तक वितरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पुस्तकों की स्कैनिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद ही विद्यार्थियों को वितरित किया जाए. यदि स्कैनिंग संभव न हो, तो विद्यार्थियों का नाम दस्तावेजों में उल्लेख करने के बाद वितरण किया जा सकता है.
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई और महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में फरसगांव विकासखंड शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति पर राकेश पांडे ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, संचार माध्यमों से संपर्क में न रहना और शिक्षा गुणवत्ता के कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर उन्हें तत्काल पद से हटाने के निर्देश दिए. साथ ही, उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान को गणित विषय के व्याख्याता इरशाद अंसारी को उनकी मूल संस्था में वापस भेजने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर भी बल दिया.

राकेश पांडे ने सभी अधिकारियों को अपने मुख्यालय में निवास करने के स्पष्ट निर्देश दिए. इस संबंध में उन्हें 8 अगस्त तक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है. बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से संस्था में “न्योता भोज” आयोजित करने की तिथि पर भी सहमति ली गई.
इस महत्वपूर्ण बैठक में डी.एम.सी. ईमल सिंह बघेल, ए.डी.पी.ओ. शीला शार्दुल, डी.पी.ओ. वेणुगोपाल राव, और सभी बी.ई.ओ. व बी.आर.सी. उपस्थित थे.
