
कोंडागांव में कलेक्टर ने बच्चों को बांटे आंगनवाड़ी गणवेश
उजाला टुडे कोंडागांव, 26 जुलाई 2025/ – कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने आज बंधापारा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को आंगनवाड़ी गणवेश वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर ने भी महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 1 के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से मुलाकात की और उन्हें गणवेश के साथ फल, बिस्किट और खिलौने भी वितरित किए। इसी तरह, जिले भर के अन्य अधिकारियों ने भी अपने नोडल आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों को गणवेश बांटे। उन्होंने मध्यम कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी भी ली और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व पालकों से सुधार हेतु चर्चा की।
कुपोषण से निपटने पर विशेष ध्यान
आपको बता दें कि जिले के मध्यम कुपोषित बच्चों की लगातार निगरानी और उन्हें सुपोषित श्रेणी में लाने के उद्देश्य से जिला अधिकारियों को एक-एक बच्चे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में कुपोषित बच्चों की संख्या कम करने के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को एक-एक मध्यम कुपोषित बच्चे की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

संबंधित अधिकारी अपने “गोद लिए गए” बच्चों के माता-पिता से संपर्क कर उनके खान-पान, स्वच्छता और चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए आवश्यक परामर्श देते हैं। वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी कर रहे हैं और संबंधित बच्चे की वृद्धि निगरानी का पर्यवेक्षण कर रहे हैं।
