संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
पीएमएफएमई योजना के तहत कोण्डागांव में कार्यशाला का सफल आयोजन
उजाला टुडे कोण्डागांव, 28 जुलाई 2025 – प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत कोण्डागांव में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत कोण्डागांव के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देना और हितग्राहियों को मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यशाला के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें जिले में खाद्य पदार्थों के उत्पादन के लिए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक लाभार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी और दिशानिर्देश दिए गए।

इस आयोजन में नगर की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों और पीएमएफएमई योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोण्डागांव ब्लॉक के डीआरपी अक्षत श्रीवास्तव और राजेन्द्र कुमार नेताम भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की भी गरिमामय उपस्थिति रही, जिनमें जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कोण्डागांव से कुसुमलता नेताम (प्रबंधक) और नम्रता एल्मा (सहायक प्रबंधक), लीड बैंक अधिकारी अशोक मिंज, अंत्यव्यवसायी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी घनश्याम ब्रम्हे, कार्यालय परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज से कुलेश्वर वर्मा और जनपद पंचायत कोण्डागांव के डीपीएम अखिलेश सलाम शामिल थे। इस तरह के आयोजनों से जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

