संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोंडागांव ने किया नारायणपुर उप-जेल का निरीक्षण
उजाला टुडे कोंडागांव, 31 जुलाई 2025/ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) कोंडागांव की अध्यक्ष किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, DLSA कोंडागांव की सचिव श्रीमती गायत्री साय ने बुधवार को नारायणपुर उप-जेल का औचक निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं, उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी सहायता की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान, सचिव महोदया ने जेल में उपलब्ध सुविधाओं, बंदियों की कानूनी आवश्यकताओं और उनके मुकदमों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी बंदियों को न्याय तक आसानी से पहुँच मिले और किसी भी कानूनी सहायता की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जाए। कई बंदियों ने व्यक्तिगत रूप से सचिव महोदया से मिलकर अपनी समस्याएं बताईं। कुछ मामलों में तो मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
इसके अतिरिक्त, सचिव महोदया ने उपस्थित बंदियों के स्वास्थ्य, खान-पान और साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। तत्पश्चात, बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। जिन बंदियों के मुकदमों की पैरवी के लिए अधिवक्ता नहीं थे, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुफ्त कानूनी सलाह और सहायता के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के संबंध में भी बताया गया।
इस अवसर पर, उप जेल अधीक्षक नारायणपुर संजय नायक, अधिकार मित्र घासीराम नेताम, लोकेश यादव, प्रतिमा दोदी सहित जेल के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

