संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
डी.ए.व्ही. देवखरगांव में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: छात्रों में नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर
उजाला टुडे कोंडागांव:- कोंडागांव जिले के ग्रामीण अंचल में संचालित डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में बीते दिनों एक गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय चुनावों में विजयी हुए छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य गंगाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ देवखरगांव की सरपंच धीरन सुकल सोरी, आईटीआई के प्राध्यापकगण एवं अनेक अभिभावक विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विद्यालय द्वारा छात्र परिषद के गठन की सराहना की। उन्होंने इसे एक प्रशंसनीय प्रयास बताया, जो छात्रों में नेतृत्व के गुण विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अनुभव प्रदान करने में सहायक होगा।
समारोह के दौरान, मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा साइकिल वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, डी.ए.व्ही. खेल क्लस्टर स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पदक प्रदान किए गए।
अंत में, डी.ए.व्ही. के प्राचार्य एन.एन. राय ने उपस्थित अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


