संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव को ‘तुलसी अलंकरण सम्मान’ से नवाजा गया
उजाला टुडे कोंडागांव,: कोंडागांव 3 अगस्त 2025 को कोंडागांव की अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद को ‘तुलसी अलंकरण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हाई स्कूल प्रांगण बफना में तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदास जन्मोत्सव एवं अलंकरण समारोह में प्रदान किया गया।

परिषद को यह सम्मान उनके उन उल्लेखनीय कार्यों के लिए मिला है, जिनमें उन्होंने धर्म, जाति और अन्य भेदभावों से ऊपर उठकर समाज में एकता, प्रेम, सौहार्द और शांति स्थापित करने के लिए ‘मानस’ के माध्यम से ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के आदर्शों को जीवंत किया है।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के संरक्षक और बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने बताया कि सितंबर 2020 से अब तक परिषद ने करीब 15,000 युवक-युवतियों को मुफ्त सैन्य प्रशिक्षण दिया है, जिससे कई युवाओं को सुरक्षा बलों में नौकरी मिली है। सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ, परिषद रक्तदान शिविर, मतदाता जागरूकता, यातायात जागरूकता और स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती है।
इस अवसर पर साहा ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने और उन्हें अच्छी शिक्षा देने का आग्रह किया, खासकर लड़कियों की शिक्षा पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
समारोह में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती और सेवारत सैनिक उमेंद्र मरकाम भी मौजूद थे।

