संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव में स्वतंत्रता दौड़: जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और छात्रों ने दिया सद्भावना, एकता व नशामुक्ति का संदेश
उजाला टुडे कोण्डागांव, 14 अगस्त 2025 – स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व, आज कोण्डागांव जिला मुख्यालय में प्रतिवर्ष की भांति स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य देश की स्वतंत्रता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सद्भावना व एकता का संदेश देना और नशामुक्ति अभियान को गति प्रदान करना था।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर विकास नगर स्टेडियम से जय स्तंभ चौक होते हुए पुनः विकास नगर स्टेडियम तक दौड़ पूरी की। इस आयोजन में पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी, पूर्व विधायक मोहन मरकाम, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में युवा, स्कूली बच्चे और नागरिकगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
एकता, अखंडता और नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि इस दौड़ के माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता और अखंडता के लिए एकजुट होने का संदेश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। इस मौके पर सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
’उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत भी अपील की गई। इसका उद्देश्य जिले के ऐसे व्यक्तियों को बुनियादी शिक्षा प्रदान करना और सतत शिक्षा को बढ़ावा देना है, जो औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को प्रोत्साहित करने हेतु एक अभिनव योजना लागू की है। इसके तहत, जो छात्र 10 असाक्षरों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा में सफल कराते हैं, उन्हें बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे।
विजेताओं का सम्मान
स्वतंत्रता दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया:
- महिला वर्ग:
- प्रथम: सनमती नेताम
- द्वितीय: पिंकी नेताम
- तृतीय: महिमा नाग
- पुरुष वर्ग:
- प्रथम: संजय कोर्राम
- द्वितीय: दुर्गेश मरकाम
- तृतीय: रति राम
- वरिष्ठ वर्ग: संतु साहू, यशोदा, दिलीप मंडावी, कविता नेताम, शिवांती नेताम




इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकगण उपस्थित रहे।