
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने लक्ष्य कोचिंग सेंटर का किया निरीक्षण, युवाओं को दिए सफलता के मंत्र
उजाला टुडे कोंडागांव, 18 अगस्त 2025: कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय परिसर स्थित लक्ष्य कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आरक्षक भर्ती की दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया.
युवाओं से संवाद और तैयारी के सुझाव
कलेक्टर ने कोचिंग में पढ़ रहे युवाओं से बातचीत करते हुए कई सवाल-जवाब किए. उन्होंने पुराने प्रश्न पत्रों का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी. उन्होंने कोचिंग सेंटर के शिक्षकों से छात्रों की संख्या, पाठ्यक्रम (सिलेबस) और अध्ययन सामग्री की जानकारी ली, साथ ही परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त नोट्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.
मेहनत और लगन से पढ़ाई पर जोर
पन्ना ने विद्यार्थियों से कहा कि वे जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा का पूरा लाभ उठाएं और मेहनत और लगन से पढ़ाई करें. उन्होंने कहा, “आपकी मेहनत ही आपको उस मुकाम तक पहुंचा सकती है, जहां आप जाना चाहते हैं. मैं भी कभी भीड़ में बैठकर पढ़ी हूं और आज इस स्थान तक पहुंची हूं. उसी तरह आप भी भीड़ से निकलकर अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं.”
कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सफलता की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान भी उपस्थित रहीं.

