कोंडागांव में सफल रहा कर्मचारियों का आंदोलन, फेडरेशन ने जताया आभार
उजाला टुडे 23 अगस्त 2025 कोंडागांव: कोंडागांव शुक्रवार, 22 अगस्त को ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन’ के बैनर तले, कोंडागांव में हुए ऐतिहासिक धरना-प्रदर्शन की सफलता पर, जिला संयोजक ने सभी कर्मचारियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह साफ हो गया कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कितने एकजुट हैं।
इस मौके पर, मंच पर उपस्थित प्रांतीय महासचिव पाशा अली ने कहा, “यह आंदोलन हमारी एकता और संघर्ष का परिणाम है। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक सरकार हमारी जायज मांगों को पूरा नहीं कर देती।”
कोंडागांव जिला संयोजक ने सभी उपस्थित साथियों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आज के प्रदर्शन की सफलता यह साबित करती है कि जब कर्मचारी एक साथ खड़े होते हैं, तो कोई भी सरकार उन्हें अनदेखा नहीं कर सकती। मैं विकासखंड केशकाल के संयोजक श्याम लाल कोर्राम और प्रकाश साहू जी समेत सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपना बहुमूल्य समय दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि हमारा संघर्ष जारी रहेगा और हम सरकार से अपनी मांगों को मनवाकर ही रहेंगे।
