संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
50 युवतियों को नगर सेना में मिली नौकरी, कोंडागांव में हुआ सम्मान समारोह
उजाला टुडे कोंडागांव 28 अगस्त 2025-अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा दिए गए निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण से 50 युवतियों ने नगर सेना में जगह बनाई है। इसी उपलब्धि को सम्मान देने के लिए 28 अगस्त, 2025 को कोंडागांव के सामुदायिक भवन में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोंडागांव की विधायक सुश्री लता उसेंडी थीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और भारत माता तथा छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीरों पर फूल चढ़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद, सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया।
पूर्व सैनिकों के निःस्वार्थ काम की सराहना
बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने परिषद के पिछले पाँच सालों के काम-काज के बारे में विस्तार से बताया। विधायक लता उसेंडी ने नगर सेना में चयनित युवतियों को उनके माता-पिता की मौजूदगी में फूल-माला पहनाई और प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक सेवानिवृत्त होने के बाद भी निःस्वार्थ भाव से युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं और स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अतिथियों ने बढ़ाया युवतियों का हौसला
इस मौके पर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर जे.पी. पात्रो, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा, और सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष बंगाराम सोडी ने भी चयनित युवतियों को बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में शांति फाउंडेशन के अध्यक्ष छोटू सलाम, जिला रोजगार अधिकारी सुश्री श्वेता वर्मा, होमगार्ड प्रभारी भानसिंह मार्को, और कई पूर्व तथा सेवारत सैनिक सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


