संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 12वें दिन भी जारी: स्वास्थ्य सेवाएं ठप, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
उजाला टुडे कोण्डागांव 29 अगस्त 2025 – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुक्रवार को 12वें दिन भी कोंडागांव के डीएनके मैदान में जारी रहा। अपनी 10 सूत्रीय मांगों, जिसमें मुख्य रूप से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि शामिल है, को लेकर प्रदेश भर के 16,000 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
सरकार पर ‘जुमला’ का आरोप
धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने नाटक, गीत और योग के माध्यम से सरकार को उसके चुनावी वादे याद दिलाए। उनका कहना है कि सत्ता में आने से पहले सरकार ने नियमितीकरण को ‘मोदी की गारंटी’ बताया था, जो अब एक ‘जुमला’ साबित हुआ है। कोंडागांव के जिलाध्यक्ष कृष्णा पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी कर्मचारी पर कोई ठोस कार्रवाई होती है, तो आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा।
आम जनता को भारी परेशानी
इस हड़ताल का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। जिले के सरकारी अस्पतालों में इलाज पूरी तरह से ठप हो गया है, और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्र बंद पड़े हैं। गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
अमरदीप मरकाम को श्रद्धांजलि
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने बस्तर जिले के संविदा कर्मचारी अमरदीप मरकाम को श्रद्धांजलि दी, जिनका हाल ही में निधन हो गया।


