संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे
कोण्डागांव में गुण्डाधूर हिंदी साहित्य परिषद का गठन, वंदना साहू बनी अध्यक्ष
उजाला टुडे कोण्डागांव, 4 सितंबर 2025 शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव में इस वर्ष भी गुण्डाधूर हिंदी साहित्य परिषद का गठन किया गया है। यह गठन प्रतिवर्ष की तरह प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के निर्देशन और हिंदी विभागाध्यक्ष विनय कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में हुआ।
इस बार परिषद की नई टीम में वंदना साहू को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि बिंदेश कुमार उपाध्यक्ष बने हैं। इसके अलावा, प्रीति राय को सचिव, बलराम को सहसचिव और कुसुमदास को कोषाध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है। यमुना नेताम, हेमलता, सुलोन्तीन, चंदूलाल, सुनील, रोहित और पूर्वी ध्रुव को सर्वसम्मति से कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
गठन के अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष विनय कुमार देवांगन ने बताया कि इस परिषद का उद्देश्य छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनमें साहित्यिक और रचनात्मक चेतना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि विभाग के छात्र लगातार विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बना रहे हैं और पिछले चार वर्षों में तीन गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
अतिथि व्याख्याता लक्ष्मी दास मानिकपुरी ने भी छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिषद से जुड़कर छात्र-छात्राएं न केवल अपने लेखन और अभिव्यक्ति कौशल को निखार पाएंगे, बल्कि अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतर मंच भी पाएंगे। इस कार्यक्रम में एमए हिंदी के कई विद्यार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


