
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
सीआरपीएफ महानिदेशक ने कोण्डागांव में शहीदों को श्रद्धांजलि दी, 188वीं बटालियन का किया दौरा
उजाला टुडे कोण्डागांव, 6 सितंबर 2025 – केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक (DG) ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कोण्डागांव में 188वीं बटालियन मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की और नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा की।
जवानों का बढ़ाया मनोबल
डीजी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अनुकरणीय है। उन्होंने जवानों को उच्च मनोबल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
अपने दौरे के दौरान, महानिदेशक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बने नए शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यह स्मारक 1 जनवरी 2003 से 15 अगस्त 2025 तक गुरिल्ला युद्ध और विभिन्न मुठभेड़ों में शहीद हुए 20 अधिकारियों और 460 सीआरपीएफ जवानों की याद में बनाया गया है।
इस अवसर पर विशेष महानिदेशक वितुल कुमार, अपर महानिदेशक अमित कुमार, छत्तीसगढ़ सेक्टर के महानिरीक्षक शालिन सहित बटालियन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में, “अमर शहीद जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

