संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
सेंट्रल लाइब्रेरी में सुविधाओं की कमी से जूझ रहे छात्र, गर्मी से परेशान युवाओं ने कलेक्टर से की शिकायत
पंखा-कूलर नहीं चलने से पढ़ाई हो रही बाधित, युवाओं ने प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
उजाला टुडे कोंडागाँव 19 सितंबर 2025-कोंडागाँव जिला मुख्यालय स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में अव्यवस्था को लेकर छात्रों का गुस्सा सामने आया है। भीषण गर्मी के बावजूद लाइब्रेरी में पंखे और कूलर नहीं चलाए जाने से परेशान होकर, लाइब्रेरी के पंजीकृत युवाओं और युवतियों के एक दल ने सीधे कलेक्टर बंगले पहुँचकर लाइब्रेरी प्रबंधन की शिकायत की।
युवाओं का कहना है कि वे यहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए आते हैं, जहाँ उन्हें शांत और उचित माहौल की जरूरत होती है। लेकिन, लाइब्रेरी प्रबंधन की लापरवाही के कारण गर्मी इतनी ज़्यादा है कि कुछ देर भी बैठना मुश्किल हो रहा है। उनका आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद पंखे भी चालू नहीं किए जाते, जिससे उनकी एकाग्रता भंग हो रही है और पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
अपनी समस्या को लेकर ये युवा सीधे कलेक्टर के पास पहुँचे और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि सेंट्रल लाइब्रेरी में तत्काल कूलर, पंखों की व्यवस्था की जाए और प्रबंधन को सुविधाओं को सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उनका समय और मेहनत बर्बाद न हो।
कलेक्टर ने छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने और जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।



