संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल सालेभाट के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी, 50 से अधिक बच्चों का भविष्य खतरे में
उजाला टुडे कोंडागांव 25 सितंबर 2025- कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सालेभाट के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के चलते ग्रामीणों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विद्यालय में 50 से अधिक विद्यार्थी पाँच कक्षाओं में अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरा शैक्षणिक भार केवल एक ही शिक्षक के कंधों पर है।
एक शिक्षक, पाँच कक्षाएं और सरकारी काम
विद्यालय में एकमात्र शिक्षक को एक साथ पाँच कक्षाओं को संभालना पड़ता है, जिससे सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना लगभग असंभव हो गया है। शैक्षणिक कार्यों के अलावा, शिक्षक को विभागीय और अन्य शासकीय कार्यों का भी समय पर निष्पादन करना होता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों के पालक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित हैं।
अधिकारियों का दावा और जमीनी हकीकत में अंतर
(खंड शिक्षा अधिकारी केशकाल सी.एल. मंडावी)
इस समस्या को लेकर जब खंड शिक्षा अधिकारी केशकाल सी.एल. मंडावी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सालेभाट की विज्ञान संकाय की शिक्षिका को वैकल्पिक रूप से प्राथमिक विद्यालय में अध्यापन कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है।
हालांकि, जब इस संबंध में विद्यालय के विद्यार्थियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोई भी मैडम उन्हें पढ़ाने के लिए नहीं आती हैं। इससे अधिकारियों के दावे और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर साफ नजर आता है।
आक्रोश में ग्रामीण, मांग पूरी नहीं
शिक्षकों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय केशकाल, जनपद पंचायत केशकाल और जिला कलेक्टर कोंडागांव को लिखित आवेदन पत्र भी सौंपा है। लेकिन, आज तक कोई शिक्षक की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे पालकों और ग्रामीणों में नाराजगी के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों का विरोध और तेज हो सकता है।


