संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस: कोंडागांव में बुजुर्गों का सम्मान, विधायक ने बताया ‘परिवार की शक्ति’
कोंडागांव, 02 अक्टूबर 2025/ अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को कोंडागांव में बड़े कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में बुजुर्गों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
अपने उद्बोधन में विधायक उसेंडी ने बुजुर्गों को परिवार की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि “मन यदि मजबूत हो तो उम्र भी छोटी हो जाती है। बुजुर्गों के रहते घर-परिवार सुरक्षित और निश्चिंत रहता है।” उन्होंने सभी बुजुर्गों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई मुफ्त इलाज योजना और माता-पिता के संरक्षण हेतु बनाए गए सरकारी कानून की भी जानकारी दी।
कलेक्टर ने दिए पेंशन वितरण के निर्देश
कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने ग्रामीण जीवनशैली की सराहना करते हुए कहा कि गांव का खानपान और जीवनशैली ही बुजुर्गों को तंदरुस्त रखती है। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने पर ज़ोर दिया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है, उन्हें तत्काल प्रभाव से पेंशन का लाभ दिलाया जाए।
उपहार और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सम्मान समारोह में उपस्थित सभी बुजुर्गों को उपहार भेंट किए गए। इसके अलावा, जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र, बैसाखी एवं व्हीलचेयर वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में सभी की स्वास्थ्य जांच कराई गई, जबकि मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।
इस अवसर पर मनोज जैन, पार्षद संतोष पात्रे, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एस डी एम अजय उराव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

