संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
ऐतिहासिक पर्व पर आस्था का संगम: राजा कमलचंद भंजदेव ने सपत्नीक की माँ दंतेश्वरी की आराधना, बस्तर और छत्तीसगढ़ के लिए माँगा आशीर्वाद
उजाला टुडे कोंडागांव 03 अक्टूबर 2025- जगदलपुर: पूरे देश में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी का महापर्व बस्तर में एक विशेष धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। बस्तर राजपरिवार के प्रमुख राजा कमलचंद भंजदेव ने इस पावन तिथि पर अपनी पत्नी के साथ राजमहल परिसर स्थित जगतजननी माई दंतेश्वरी जी के मंदिर में विशेष दर्शन, पूजन और आराधना की।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, राजपरिवार की संरक्षक पूज्य राजमाता साहेब भी उपस्थित रहीं, जिनकी मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया।
राजा कमलचंद भंजदेव ने माई दंतेश्वरी के चरणों में शीश झुकाकर बस्तर अंचल सहित पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के नागरिकों के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। राजपरिवार का यह भक्तिपूर्ण अनुष्ठान बस्तर दशहरा की गौरवशाली परंपरा और यहाँ के लोगों की अटूट आस्था को और मजबूत करता है।



