संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
नाबालिग से दुष्कर्म: फ़रसगांव पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा 8 माह की गर्भवती का आरोपी; त्वरित कार्रवाई की सराहना
महिला एवं बाल अपराधों में कोण्डागांव पुलिस की लगातार कड़ी कार्रवाई जारी
उजाला टुडे कोण्डागांव 03 अक्टूबर 2025 – कोंडागांव जिले में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फ़रसगांव पुलिस ने एक नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म के आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मेडिकल जांच में उसके 08 माह की गर्भवती होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की।
मामले का विवरण
पीड़िता के परिजनों ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 02.10.2025 को पेट दर्द होने के कारण जब वे नाबालिग को अस्पताल ले गए, तो डॉक्टर ने जांच में उसके 08 माह की गर्भवती होने की पुष्टि की।
पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि 02 दिसंबर 2024 को आरोपी देवनाथ नेताम (उम्र 26 वर्ष, निवासी सोनाबेड़ा) ने उसे काम के बहाने मक्का बाड़ी में बुलाया। वहाँ उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर नाबालिग के साथ जबरदस्ती बलात्कार किया। आरोपी की धमकी से डरकर पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। आरोपी ने इस दौरान पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया।
पुलिस की तत्परता
प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव येदुवल्ली अक्षय कुमार के निर्देश पर तुरंत एक टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंन्दे के नेतृत्व में तत्काल विवेचना शुरू की गई।
टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी देवनाथ नेताम को घटना के चंद घंटों के भीतर ही पता तलाश के बाद थाना लाकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
फ़रसगांव पुलिस ने 02.10.2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और उस पर थाना फरसगांव में अपराध कमांक 125/2025 धारा 64 (2) (i) (M), 65 (1), 351(3), बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
इस त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंन्दे सहित सउनि. पिताम्बर, आरक्षक फरसुराम मरकाम, शंकर मरकाम, रतिराम मण्डावी, और महिला आरक्षक लक्ष्मी मरकाम की विशेष भूमिका रही।

