संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना: अब कोण्डागांव का ग्रामीण अंचल भी जुड़ा, आमजन को मिलेगी सुलभ यातायात सुविधा
पहले चरण में कोण्डागांव-विश्रामपुरी मार्ग पर शुरू हुई बस सेवा; गांव से शहर आना-जाना होगा आसान
उजाला टुडे कोण्डागांव 05 अक्टूबर 2025- छत्तीसगढ़ में ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को साकार करते हुए, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ कोण्डागांव जिले में हो गया है। इस योजना के जरिए अब जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचल सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ेंगे, जिससे आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए शहर तक पहुंचने में आसानी होगी।
पुराने बस स्टैंड से बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने हरी झंडी दिखाकर इस बस सेवा का शुभारंभ किया। इस राज्यव्यापी योजना की शुरुआत शनिवार को जगदलपुर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की थी।
कोण्डागांव-विश्रामपुरी के बीच प्रतिदिन दो फेरे
कोण्डागांव जिले में योजना के तहत पहली बस सेवा सुंदर ट्रेवल्स द्वारा कोण्डागांव से विश्रामपुरी मार्ग पर प्रारंभ की गई है।
- यह बस प्रतिदिन दो फेरे लगाएगी।
- तय समयानुसार, बस सुबह 7 बजे विश्रामपुरी से कोण्डागांव के लिए रवाना होगी।
- वापसी में सुबह 10 बजे कोण्डागांव से विश्रामपुरी जाएगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि शुरुआती चरण में यह बस सेवा उन ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ देगी, जहां पहले परिवहन सेवाएँ सीमित थीं।
अगले चरण में क्षमतापुर-कोण्डागांव मार्ग पर फोकस
अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि अगले चरण में विकासखंड माकड़ी के क्षमतापुर से कोण्डागांव तक भी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत बस सेवा प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इससे दूरस्थ अंचलों के हजारों ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने की सीधी और आसान सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास को नई गति मिल रही है और यह ग्रामीण बस योजना गांव और शहर के बीच की दूरी कम करके लोगों का जीवन आसान बनाएगी।
