संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
‘जींस’ पहनने पर शिक्षक का अपमान! बस्तर के ‘रील बाज’ ज्वाइंट डायरेक्टर पर भड़के शिक्षक, केदार जैन के नेतृत्व में ‘हटाओ’ आंदोलन शुरू
संयुक्त संचालक (शिक्षा) पर प्रताड़ना का आरोप; संयुक्त शिक्षक संघ ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, दी ‘चक्काजाम’ और ‘तालेबंदी’ की चेतावनी
उजाला टुडे कोंडागांव 17 अक्टूबर 2025-कोंडागांव बड़ेराजपुर बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में इन दिनों एक बड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। संयुक्त संचालक (शिक्षा) बस्तर पर एक शिक्षक को उसके पहनावे (जींस) को लेकर अपमानित करने का गंभीर आरोप लगा है। शिक्षकों ने उन्हें ‘रील बाज’ और ‘ड्रामें बाज’ करार देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के बैनर तले कड़ा मोर्चा खोल दिया है।
पहनावे पर अपमान: क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बड़े राजपुर विकासखंड के शिक्षक प्रकाश नेताम हाल ही में किसी स्पष्टीकरण को प्रस्तुत करने संयुक्त संचालक के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि जॉइंट डायरेक्टर ने श्री नेताम के जींस पहनने पर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और अशोभनीय व्यवहार करते हुए कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इस घटना से पूरे शिक्षक समुदाय में गहरा रोष फैल गया है, जो इसे पूरे वर्ग का अपमान मान रहा है।
शिक्षकों का आरोप है कि ज्वाइंट डायरेक्टर द्वारा आए दिन स्कूल का दौरा शिक्षा गुणवत्ता सुधारने के बजाय, केवल अपनी पैठ बनाने और शिक्षकों को नीचा दिखाने की मंशा से किया जाता है।
शिक्षक संघ की लामबंदी और कार्रवाई
इस गंभीर मामले को छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन जी ने गंभीरता से लिया।
- विधायक को ज्ञापन: सबसे पहले, बड़े राजपुर विकासखण्ड के शिक्षकों ने माननीय विधायक नीलकंठ टेकाम जी को ज्ञापन सौंपा और अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
- प्रांताध्यक्ष ने जाना हाल: प्रांताध्यक्ष केदार जैन जी ने स्वयं बड़े राजपुर ब्लाक पहुंचकर पीड़ित शिक्षक प्रकाश नेताम जी से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की।
- मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन: वस्तुस्थिति जानने के बाद, संघ ने तत्काल माननीय मुख्यमंत्री जी और शिक्षामंत्री जी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में संयुक्त संचालक (शिक्षा) बस्तर को तत्काल हटाने की मांग की गई है।
आंदोलन में शामिल प्रमुख नेता
इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के कोण्डागांव जिला उपाध्यक्ष श्रवण मरकाम, छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष रामचंद्र सोनवंशी, जिलाध्यक्ष कोण्डागांव सुभाउ राम नेताम, रुपेंद्र कौशिक, अखिलेश राय सहित बड़े राजपुर ब्लाक के सभी शिक्षकों की अहम भूमिका रही।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर संयुक्त संचालक को नहीं हटाया गया, तो बस्तर संभाग के सभी स्कूलों में तालेबंदी की जा सकती है और चक्काजाम जैसे बड़े आंदोलन किए जाएंगे।


