संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई: ₹ 72 लाख के साइबर फ्रॉड में ‘BMW बाइक’ के साथ 2 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार; 7 लाख का सामान जब्त
उजाला टुडे कोंडागांव 23 अक्टूबर 2025- कोण्डागांव पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ अपनी अब तक की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देते हुए, ‘म्यूल अकाउंट’ (Mule Account) के जरिए अवैध ट्रांजैक्शन करने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के साइबर अपराध पोर्टल से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई, जिसमें कुल ₹ 72,09,424.00 के अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान परमेश मरकाम (21 वर्ष, निवासी रांधना देवहरदुली) और दसरू कांगे (18 वर्ष, निवासी चांदाबेड़ा) के रूप में हुई है। इन आरोपियों ने “कम समय में अधिक धन अर्जित करने” के लालच में साइबर अपराधियों के लिए अपने बैंक खातों का उपयोग किया।
ठगी के पैसों से खरीदी गई BMW बाइक और गैजेट्स जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के पैसों से खरीदे गए लाखों रुपये के सामान जब्त किए हैं। जब्त सामान में एक BMW बाइक (कीमत ₹ 3,00,000/-), एक सैमसंग लैपटाप, दो एप्पल आईफोन, सैमसंग अल्ट्रा सहित पांच महंगे मोबाइल फोन, 7 सिलपैड, 9 पासबुक, 3 चेक बुक और 13 एटीएम कार्ड शामिल हैं। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹ 7,00,000/- (सात लाख रुपये) आंकी गई है।
41 शिकायतें, ₹ 72 लाख का अवैध ट्रांजैक्शन
मामले की जांच के दौरान पता चला कि सेंट्रल बैंक कोण्डागांव के खाता नंबर 5660383552 के विरुद्ध भारत के विभिन्न राज्यों से कुल 41 शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिसमें ₹ 72,09,424.00 का अवैध ट्रांजैक्शन हुआ था।
पुलिस अधीक्षक वाय- अक्षय कुमार भा.पु.से. के निर्देश पर, अति. पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में तत्काल एक विशेष टीम (थाना कोण्डागांव एवं सायबर सेल) का गठन किया गया था।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पूर्व में ही दो मुख्य आरोपियों रविकांत साहू और चंद्रशेखर नायक को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्होंने फर्जी नाम से खाता खुलवाकर उसे म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान और सायबर टीम के सहयोग से गिरफ्तार किए गए परमेश मरकाम और दसरू कांगे ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्हें दिनांक 23.10.2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।



