कोंडागांव में ‘एथेनॉल की दुर्गंध’ पर ‘कोकोड़ी का विस्फोटक गुस्सा’ — प्रशासन को आखिरी चेतावनी!
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव: मां दंतेश्वरी प्लांट के खिलाफ फिर भड़की ग्रामीणों की ‘जंग’, दूषित पानी से त्रस्त लोगों ने घेरा संयंत्र; कहा- ‘अब या तो बदबू रुकेगी, या प्लांट बंद होगा!’
उजाला टुडे कोंडागांव 27 अक्टूबर 2025- कोंडागांव: बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव में स्थापित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण मर्यादित (एथेनॉल प्लांट) के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा आज एक बार फिर सड़कों पर फूट पड़ा। प्लांट से लगातार फैल रही असहनीय बदबू और क्षेत्र में गंदे पानी के फैलाव से त्रस्त सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्लांट का घेराव किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जीवन बना दूभर, अब बस बहुत हुआ:
ग्रामीणों का आरोप है कि जब से यह प्लांट शुरू हुआ है, पूरे इलाके में भयानक बदबू फ़ैल गई है। प्लांट का दूषित पानी सीधे खेतों और नालों तक पहुँच रहा है, जिससे खेती और सामान्य जीवन दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और प्लांट प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का सब्र आज टूट गया।
पुलिस-प्रशासन की दौड़भाग:
जैसे ही विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने दी ‘जाँच की दवाई’, ग्रामीणों ने दी ‘आंदोलन की धमकी’:
अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रदूषण की जाँच करने और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। हालाँकि, आक्रोशित ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यह उनकी आखिरी चेतावनी है। ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि अगर जल्द ही प्रदूषण और बदबू की समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला गया, तो वे एक बहुत बड़ा और उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


