
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
🇮🇳 150वीं जयंती पर गूंजा एकता का संदेश: कोण्डागांव में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, कलेक्टर और नपा अध्यक्ष ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
विविधता में एकता का संदेश लेकर दौड़े युवा और नागरिक, सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया गया याद
उजाला टुडे कोंडागांव 31 अक्टूबर 2025: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज जिला मुख्यालय कोण्डागांव में राष्ट्रीय एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) का भव्य आयोजन किया गया। देश की एकता और अखंडता का संदेश लेकर विभिन्न आयु वर्ग के युवा, अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
दौड़ को विकास नगर स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया। यह एकता दौड़ जिला कोर्ट परिसर, नेशनल हाईवे, जय स्तंभ चौक एवं बाजार पारा होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई।
कलेक्टर नुपूर राषि पन्ना ने दिलाई शपथ:
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और कलेक्टर नुपूर राषि पन्ना ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
दौड़ का शुभारंभ कलेक्टर नुपूर राषि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेष कुमार डाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।
अधिकारियों ने किया राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण:
अपने संबोधन में कलेक्टर नुपूर राषि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने युवाओं से देश की एकता और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण और रियासतों के एकीकरण में योगदान अमूल्य है। सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने भारत देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
’रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से सभी वर्गों के लोगों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव जैसी संकीर्णताओं को त्यागकर सामाजिक सद्भावना और एकता का संदेश दोहराया।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, पार्षदगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



