
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
🔥 केशकाल में बड़ा खुलासा: प्रशासन के नाक के नीचे सरकारी नजूल भूमि पर भू-माफियाओं का कब्ज़ा, धड़ल्ले से बन रहे पक्के मकान
SDM को शिकायत बेअसर, अधिकारी बेपरवाह; नजूल की जमीन पर अतिक्रमणकारियों का बढ़ता मनोबल
उजाला टुडे कोंडागांव 25 नवम्बर 2025-कोंडागांव,केशकाल : अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय केशकाल अनुभाग के अंतर्गत इन दिनों सरकारी नजूल भूमियों पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण का सिलसिला बेरोकटोक जारी है। हैरानी की बात यह है कि भू-माफिया और दलाल खुलेआम इन सरकारी जमीनों को अपनी बताकर न केवल खरीद-फरोख्त कर रहे हैं, बल्कि बाहरी लोगों द्वारा इन पर धड़ल्ले से पक्की मकानों का निर्माण भी किया जा रहा है, और प्रशासन मौन धारण किए हुए है।
विद्यालय के सामने हो रहा है अवैध निर्माण
अवैध कब्जे का एक ताजा और गंभीर मामला शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरडोगर के ठीक सामने का है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, इस रास्ते से रोजाना दर्जनों प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी अवैध रूप से बन रहे इस निर्माण कार्य को रोकने या पूछताछ करने की ज़हमत नहीं उठाई। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रशासन ने इन अतिक्रमणकारियों के सामने अपनी आँखें मूँद ली हैं।
लिखित शिकायत के बावजूद कार्यवाही शून्य
’मूक पत्रिका अखबार’ के विशेष संवाददाता छत्तीसगढ़ द्वारा अवैध निर्माण को रोकने के लिए केशकाल एस.डी.एम. (SDM) को लिखित आवेदन भी दिया गया था। किंतु दुर्भाग्य यह है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक किसी भी तरह की कोई वैधानिक कार्यवाही शुरू नहीं की गई है। जवाबदार अधिकारी की ओर से कानून के अनुसार कोई एक्शन न लिए जाने से सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वाले लोगों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने अपनी ‘नजरें’ नहीं खोलीं, तो सरकारी नजूल भूमि पूरी तरह से दलालों और भू-माफियाओं के हाथों में चली जाएगी, जिससे भविष्य में बड़े कानूनी और सामाजिक विवाद उत्पन्न हो सकते हैं।
हम प्रशासन से जानना चाहेंगे: क्या उच्चाधिकारी नजूल भूमि के इस खुलेआम लूट पर कोई सख्त कदम उठाएँगे, या सरकारी संपत्ति को यूँ ही बर्बाद होने दिया जाएगा?



