कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: उड़ीसा से लाई जा रही 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
अनंतपुर पुलिस ने नाकेबंदी कर दबोचा आरोपी; मोटर सायकल समेत ₹25 हजार से अधिक का माल जब्त
उजाला टुडे कोंडागांव 28 नवम्बर 2025- कोण्डागांव (छ.ग.): पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में, दिनांक 27 नवम्बर 2025 को कोण्डागांव जिले की अनंतपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दिगर राज्य उड़ीसा से अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 15.16 बल्क लीटर शराब और एक मोटर सायकल जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 27/11/2025 को थाना अनंतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटर सायकल एचएफ डिलक्स (CG 27 K-4871) से किरमारी की ओर अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में एक टीम ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने ग्राम नेवरा से किरमारी जाने वाले पक्की सड़क तिरहा पर नाकेबंदी की। इसी दौरान, मुखबिर द्वारा बताई गई मोटर सायकल आते दिखी, जिसे रोका गया।
शराब और वाहन जब्त, 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मोटर सायकल पर सवार व्यक्ति की पहचान त्रिनाथ बघेल (उम्र 19 वर्ष, निवासी किरमारी) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान, उसके कब्जे से एक बैग में छिपाकर रखी गई उड़ीसा राज्य निर्मित कुल 34 नग अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 15.16 बल्क लीटर और कीमत ₹5,740/- है।
आरोपी शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। अवैध शराब के साथ ही, तस्करी में उपयोग की जा रही मोटर सायकल (कीमत ₹20,000/-) को भी जब्त कर लिया गया।
थाना अनंतपुर पुलिस ने आरोपी त्रिनाथ बघेल के विरुद्ध धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल:
- निरीक्षक गोपेन्द्र पटेल,प्रआर. छबीलाल कोर्राम
- नेमीचंद भण्डारी,भावेश मण्डावी,आरक्षक मनराज वट्टी
- गितेश सेठिया,नोहरू नेताम

