संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव: रिश्तों का कलंक! बलात्कार का आरोपी सौतेला भाई ही निकला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायतकर्ता सगउराम सोरी ने ही किया था बहन के साथ घिनौना कृत्य, पुलिस की गहन जांच से हुआ पर्दाफाश
उजाला टुडे कोंडागांव 30 नवम्बर 2025- कोण्डागांव:भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक हृदय विदारक घटना में, कोण्डागांव पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने अपनी ही सौतेली बहन के साथ दुष्कर्म किया था और बाद में स्वयं ही अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के निर्देश पर की गई बारीकी से विवेचना के बाद यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
🔍 मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी सगउराम सोरी ने थाना माकड़ी में 08-09 माह पूर्व अपनी बहन (पीड़िता) के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बलात्कार किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस घटना के परिणामस्वरूप पीड़िता गर्भवती हो गई थी और उसने दिनांक 06.11.2025 को एक नवजात शिशु को जन्म दिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना माकड़ी में अपराध कमांक 45/25 धारा 376, 354 (क) भा०दं०सं० के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
गहन जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अति० पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोण्डागांव श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी माकड़ी द्वारा जांच आगे बढ़ाई गई।
विवेचना के दौरान, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता से गहन पूछताछ की गई। इस पूछताछ में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता स्वयं पीड़िता का सौतेला भाई, सगउराम सोरी ही है।
आरोपी सगउराम सोरी (पिता लोहरूराम सोरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी सोडसिवनी) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती आनाकानी के बाद, आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दिनांक 30.11.2025 को आरोपी सगउराम सोरी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस सफल एवं संवेदनशील कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, सउनि गिरीश कतलम्, म०प्र० आर० शांति ध्रुव सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।


