संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
🇮🇳 पूर्व सैनिक हवलदार श्रीकांत तिवारी का कोंडागांव में भव्य स्वागत, 23 साल देश सेवा के बाद लौटे घर
उजाला टुडे कोंडागांव 1 दिसम्बर 2025- कोंडागांव: भारतीय थल सेना के आर्मी एयर डिफेंस में 23 वर्षों तक राष्ट्र की सेवा करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए हवलदार श्रीकांत तिवारी का सोमवार, 1 दिसंबर 2025 को कोंडागांव नगर पहुंचने पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव सहित नगरवासियों ने गर्मजोशी और भव्यता के साथ स्वागत किया।
देशभक्ति के नारों और बस्तर की संस्कृति की झलक के साथ हुए इस स्वागत समारोह में पूर्व सैनिकों, परिवारजनों, मित्रों और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
🥁 आतिशबाजी और नारों से गूंजा गांधी चौक
हवलदार श्रीकांत तिवारी के गांधी चौक पहुंचने पर पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। पूर्व सैनिकों, परिवारजनों और मित्रगणों ने आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी आरती उतारी गई और पुष्पमाला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। पूरा गांधी चौक “भारत माता की जय,” “वंदे मातरम,” और “जय जवान जय किसान” के नारों से गूंज रहा था।
इसके बाद, बस्तर की पारंपरिक मांदरी नाच और देशभक्ति गीतों के साथ डीजे की धुन पर एक भव्य जुलूस गांधी चौक से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए उनके निवास स्थल आलबेड़ा पारा तक पहुंचा। रास्ते भर नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर देश के सच्चे सिपाही का अभिनंदन किया।
“देश सेवा का सुख कहीं और नहीं”
अपने सम्मान से अभिभूत हवलदार श्रीकांत तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि
“23 वर्ष देश की सेवा करके जो सुख और आनंद की अनुभूति मिली है, वह कहीं और नहीं मिल सकती।” उन्होंने जिले के नौजवानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे सेना में भर्ती के लिए आगे आएं और देश की सेवा करें।
तिवारी ने अपनी सैन्य यात्रा का संक्षिप्त विवरण देते हुए बताया कि उनका चयन भारतीय थल सेना के आर्मी एयर डिफेंस में 14 जुलाई 2003 को हुआ था। एक साल की ट्रेनिंग नासिक में पूरी करने के बाद उन्होंने गुजरात, राजस्थान, उड़ीसा, जम्मू कश्मीर, पंजाब और श्रीनगर जैसे विभिन्न चुनौतीपूर्ण स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं और 30 नवंबर 2025 को हरियाणा से सेवानिवृत्त हुए।
उन्होंने कोंडागांव के नगरवासियों और अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो मान-सम्मान उन्हें आज दिया गया है, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि वह भी अब अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव से जुड़कर समाज सेवा में अपना योगदान देंगे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सहसचिव रवि ठाकुर, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर ध्रुव, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुँवर, सैन्य मातृशक्ति अध्यक्ष चांदनी कोर्राम सहित सदस्यगण हीरासिंह कोर्राम, ढालेश साहू, राकेश कुमार धीवर, प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र, भगवती हिरवानी, सुरेश साहू, अधिवक्ता गौरव जैन, प्रेमराज चोपड़ा, आशीष मंडल, देवेंद्र और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले युवक एवं युवतियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




