संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस को मिली बड़ी सफलता: सर कटे लाश की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार!
उजाला टुडे कोंडागांव 8 दिसम्बर 2025- कोण्डागांव पुलिस ने एक अंधे कत्ल की सनसनीखेज गुत्थी को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। विगत दिनों विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के चनाभर्री जंगल में मिले सर कटे शव की पहचान कर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को गिरफ्तार किया है। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 06.12.2025 को विश्रामपुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि चनाभर्री के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का धड़ पड़ा हुआ है, जिसका सिर गायब है। इस गंभीर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरूण नेताम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया।
मृतक की पहचान और जांच
सिर गायब होने के कारण शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस टीम ने आसपास के गुमशुदा व्यक्तियों और गाँवों में गहनता से खोजबीन शुरू की। आखिरकार, मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान बाड़ागांव निवासी लच्छिन्दर पाण्डेय के रूप में हुई।
चूँकि धड़ से सिर गायब था, पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच शुरू की और हत्या के कारण, मृतक का सिर और हत्यारे की तलाश शुरू कर दी।
🔪 आरोपी की गिरफ्तारी
जांच के दौरान, यह पता चला कि मृतक लच्छिन्दर पाण्डेय को अंतिम बार दिनांक 03.12.2025 को विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में देखा गया था। मुखबिरों से जानकारी मिली कि उस दिन मृतक का श्यामलाल नेताम और रामु नेताम से झगड़ा हुआ था।
संदेह के आधार पर पुलिस ने श्यामलाल नेताम (उम्र 26 वर्ष, निवासी कुरूभाट) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पहले तो आरोपी ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि दिनांक 28.11.2025 को बाड़ागांव सोसायटी में हुए झगड़े के कारण वह मृतक से रंजिश रखता था। 03.12.2025 को विश्रामपुरी बाजार में फिर से झगड़ा होने पर, वह लच्छिन्दर पाण्डेय को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर चनाभर्री जंगल ले गया। वहाँ उसने टंगिया से वार कर मृतक के सिर को धड़ से अलग कर दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने सिर को कुरूभाठ के तालाब के पास छिपा दिया था।
आगे की कार्रवाई
आरोपी श्यामलाल नेताम की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहाँ से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कोण्डागांव पुलिस की इस तत्परतापूर्ण और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. विनोद नेताम, सउनि. रमेश निषाद, आर. जम्मू मरकाम, रमेश नेताम, शिवनाथ बर्वे, और सायबर सेल प्रभारी निरी. सौरभ उपाध्याय सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

