संजय सोनपिपरे संपादक उजाला टुडे कोंडागांव
विश्रामपुरी पुलिस की बड़ी सफलता: सिरकटी लाश मामले का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
उजाला टुडे कोंडागांव 25 दिसम्बर 2025- विश्रामपुरी (कोण्डागांव) | कोण्डागांव पुलिस ने जिले के ग्राम चनाभर्री के जंगल में मिली सनसनीखेज सिरकटी लाश की गुत्थी को पूरी तरह सुलझा लिया है। मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी रामू नेताम को पुलिस ने धमतरी जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस बल सदैव प्रतिबद्ध है।
विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक लछिन्दर पांडे (निवासी ग्राम बाड़ागांव) का आरोपियों के साथ पुराना विवाद था। 28 नवंबर 2025 को बाड़ागांव सोसायटी में हुए झगड़े के बाद से आरोपी श्यामलाल और रामू नेताम रंजिश पालकर बैठे थे। 3 दिसंबर को साप्ताहिक बाजार में पुनः विवाद होने पर आरोपी मृतक को मोटरसाइकिल पर बैठाकर चनाभर्री के जंगल ले गए, जहां कुल्हाड़ी (टंगिया) से वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए सिर को धड़ से अलग कर तालाब के पास छिपा दिया था।
ऐसे गिरफ्त में आया फरार आरोपी
घटना के बाद मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को पुलिस ने 8 दिसंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उसका छोटा भाई रामू नेताम (24 वर्ष) लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश और एडिशनल एसपी कौशलेन्द्र देव पटेल व एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी की लगातार घेराबंदी की। अंततः सायबर सेल की मदद से आरोपी को धमतरी जिले के ग्राम खैरभर्री से दबोचा गया।
घटनाक्रम पर एक नजर
- 06 दिसंबर: चनाभर्री के जंगल में बिना सिर वाली लाश मिलने पर मर्ग कायम हुआ।
- 08 दिसंबर: मुख्य आरोपी श्यामलाल की गिरफ्तारी और मृतक के सिर व हथियार की बरामदगी।
- 24 दिसंबर: फरार आरोपी रामू नेताम की खैरभर्री (धमतरी) से गिरफ्तारी।
- 25 दिसंबर: आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और फरार आरोपी को पकड़ने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद नेताम, सउनि रमेश निषाद, प्रधान आरक्षक मंगेश मंडावी, सियाराम मरापी, आरक्षक जम्मू मरकाम, रमेश नेताम और शिवनाथ बर्वे का विशेष योगदान रहा।

