संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
नाबालिग को शादी का झांसा देकर तमिलनाडु भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, मर्दापाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उजाला टुडे कोंडागांव 29 दिसम्बर 2025- मर्दापाल/कोण्डागांव: कोण्डागांव पुलिस ने जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और गुमशुदा नाबालिगों की बरामदगी के अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मर्दापाल पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर तमिलनाडु ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो महीनों से पीड़िता को अपने साथ रखे हुए था।
क्या है पूरा मामला?
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी ने थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 10/2025 और अपराध क्रमांक 23/2025 धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
साइबर सेल की मदद से तमिलनाडु में मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) ने तत्काल टीम गठित कर नाबालिग की तलाश के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और अनुविभागीय अधिकारी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच तेज की।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संदेह की सुई निलन कोर्राम (18 वर्ष) निवासी पदेली डोंगरीपारा पर टिकी। साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन तमिलनाडु के मीकानैकेनेपट्टी-एम कलाथुर रोड में पाया गया।
शादी का प्रलोभन देकर किया दुष्कर्म
मर्दापाल पुलिस की टीम ने तमिलनाडु पहुंचकर दबिश दी और नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी निलन कोर्राम ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और बहला-फुसलाकर तमिलनाडु ले आया, जहाँ उसने नाबालिग की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी निलन कोर्राम को गिरफ्तार कर कोण्डागांव लाया। आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को आरोपी को माननीय अपर सत्र न्यायाधीश कोण्डागांव में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि नरेश कुमार साहू, प्र.आर. सन्तराम नायक, महिला प्र.आर. सुनिता उईके, आरक्षक समीर नेताम और तोषण कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।


