संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
सावधान! नए साल के जश्न में खलल डाल सकते हैं साइबर ठग; ‘Happy New Year’ वाले APK मैसेज से रहें दूर
उजाला टुडे कोंडागांव 31 दिसम्बर 2025- कोण्डागांव: नए साल 2026 का जश्न शुरू होने वाला है, लेकिन आपकी एक छोटी सी लापरवाही बैंक खाता खाली कर सकती है। साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने के लिए अब “Happy New Year” ग्रीटिंग्स को हथियार बनाया है। कोण्डागांव पुलिस ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी कर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कैसे बुना जा रहा है ठगी का जाल?
साइबर अपराधी WhatsApp, SMS और ईमेल के जरिए लुभावने मैसेज भेज रहे हैं। इनमें “स्पेशल ग्रीटिंग कार्ड” या “न्यू ईयर एनीमेशन” देखने के नाम पर एक APK फाइल अटैच होती है। पुलिस के मुताबिक, यह असल में एक ‘मैलिशियस सॉफ्टवेयर’ (वायरस) है। जैसे ही आप इसे इंस्टॉल करते हैं, हैकर्स आपके फोन का कंट्रोल हासिल कर लेते हैं, जिससे वे आपके OTP पढ़ सकते हैं और बैंक से पैसे गायब कर सकते हैं।
पुलिस की सलाह: भूलकर भी न करें ये गलतियां
- अज्ञात APK से बचें: अगर कोई दोस्त या रिश्तेदार भी APK फाइल भेजे, तो उसे डाउनलोड न करें। संभव है कि उनका अकाउंट पहले ही हैक हो चुका हो।
- सिर्फ प्ले स्टोर का करें इस्तेमाल: किसी भी ऐप को केवल Google Play Store से ही डाउनलोड करें, क्योंकि वहां ऐप्स सुरक्षित और स्कैन्ड होते हैं।
- परमिशन पर दें ध्यान: यदि कोई ऐप बिना वजह SMS, कॉन्टैक्ट्स या गैलरी का एक्सेस मांगे, तो उसे तुरंत हटा दें।
सुरक्षा के लिए ‘गोल्डन रूल्स’
-
- VirusTotal का उपयोग: अगर APK फाइल डाउनलोड करना बहुत जरूरी हो, तो उसे पहले VirusTotal.com पर स्कैन जरूर करें।
- सेटिंग्स बदलें: फोन की सेटिंग में जाकर “Install from Unknown Sources” को हमेशा OFF रखें।
- Play Protect: सुनिश्चित करें कि आपके फोन में ‘Google Play Protect’ ऑन है।
- एंटीवायरस: फोन में क्विक हील, अवास्ट या कैस्परस्की जैसा भरोसेमंद एंटीवायरस रखें।
अगर गलती से ऐप इंस्टॉल हो जाए तो क्या करें?
तुरंत अपना इंटरनेट बंद करें, ऐप को अनइंस्टॉल करें और किसी दूसरे फोन का इस्तेमाल कर अपने नेट बैंकिंग का पासवर्ड बदलें।
यहाँ करें शिकायत
यदि आप ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
कोण्डागांव पुलिस की अपील: “नया साल खुशियों भरा हो, इसके लिए सतर्कता जरूरी है। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना OTP किसी से साझा न करें। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें।”

