संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल घाटी में पुलिसकर्मी पर बस चढ़ाने का प्रयास, आरोपी चालक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
उजाला टुडे कोंडागांव 5 दिसम्बर 2026- कोण्डागांव/केशकाल केशकाल घाटी में यातायात व्यवस्था को बाधित करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले एक बस चालक के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की है। पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश और गाली-गलौज करने वाले आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
रविवार, 4 जनवरी की रात केशकाल घाटी में भारी जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान जगदलपुर से नागपुर की ओर जा रही बस (CG 17 LC 5355) के चालक पुष्पेंद्र कोर्राम ने नियमों को ताक पर रखकर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ओवरटेक करना शुरू कर दिया। जब विश्रामपुरी चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मी पर ही बस चढ़ाने की कोशिश की।
पुलिस टीम के साथ बदसलूकी
थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, जाम के दौरान गलत दिशा से बस निकालने से रोकने पर आरोपी चालक बस से नीचे उतरा और ड्यूटी पर तैनात डीएसएफ आरक्षक उमेशदास मानिकपुरी व अन्य स्टाफ के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ न केवल धक्का-मुक्की की, बल्कि जान से मारने की नीयत से उन पर हमलावर भी हुआ।
इन धाराओं के तहत हुई कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र कोर्राम (उम्र 29 वर्ष) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
- धारा 109: हत्या के प्रयास का मामला (जान से मारने की नीयत)।
- धारा 121 (1): लोक सेवक के काम में बाधा पहुँचाना।
- धारा 132: सरकारी कर्मचारी पर हमला।
- धारा 296: अश्लील गाली-गलौज।
पुलिस टीम की भूमिका
थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्यवाही में स.उ.नि. निहार रंजन मण्डल, हेमंत देवांगन, आरक्षक मनोहर निषाद और लोकेश्वर तारम सहित अन्य स्टाफ की मुख्य भूमिका रही। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।


