संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुड़िया बनाकर गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.7 किलो मादक पदार्थ जब्त
उजाला टुडे कोंडागांव 14 जनवरी 2026- केशकाल: (कोण्डागांव) जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। मुखबिर की सूचना पर मुस्तैद केशकाल पुलिस ने शहर के युवाओं को गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसपी के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम
कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंन्द्रा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में एडिशनल एसपी कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में केशकाल पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी।
घर के रसोई में छिपा रखा था माल
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि हर्रापडाव निवासी धनंजय पाण्डे अपने घर से गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। 13 जनवरी को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोई घर से एक कैरी बैग बरामद हुआ, जिसमें:
- एक पारदर्शी झिल्ली में पैक खुला (लूज) गांजा।
- बिक्री के लिए तैयार 05 नग छोटी पेपर रोल पुड़िया।
- कुल वजन: 01.710 किलोग्राम अवैध गांजा।
आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी धनंजय पाण्डे (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके पास से मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्यवाही में केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल, स.उ.नि. अनिता मेश्राम, प्रधान आरक्षक महेश्वरी शाडिल्य, आरक्षक मनोहर निषाद, अमित मंडावी, महिला आरक्षक उर्मिला मरकाम और सोनल यादव का विशेष योगदान रहा।

