
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने रायपुर से दबोचा
उजाला टुडे कोंडागांव 23 जनवरी 2026- कोण्डागांव: फरसगॉव उरंदाबेड़ा नाबालिग बालिका को शादी का प्रलोभन देकर और जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी गजेंद्र पटेल को उरंदाबेड़ा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रायपुर के डोंदेकला स्थित राइस मिल से पकड़ा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल (रा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
आरोपी की तलाश के लिए गठित विशेष टीम में थाना उरंदाबेड़ा से स.उ.नि. बुधमल समरथ, प्र.आर. मयालु नेताम, आर. निर्मल मरकाम एवं साइबर सेल कोण्डागांव से आर. अजय देवांगन व आर. परमेश्वर साहू शामिल थे। टीम ने मुखबिर की सूचना पर पी.डी.एम. राइस मिल, डोंदेकला (रायपुर) में दबिश दी। पुलिस को देखकर भाग रहे आरोपी गजेंद्र पटेल (23 वर्ष, निवासी बड़ेकनेरा) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
क्या था मामला?
जनवरी 2025 में एक जगराता कार्यक्रम के दौरान आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर सुनसान जगह पर दुष्कर्म किया था और धमकी देकर फरार हो गया था। महिला विवेचक द्वारा आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (2023) की धारा 64(1), 64(2)(M), 351(2) एवं पॉक्सो एक्ट (2012) की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
जेल भेजा गया आरोपी
आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। 22 जनवरी 2026 को आरोपी को माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (POCSO) कोण्डागांव के न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।

