संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव: ‘स्वच्छ शहर’ के सपने को ठेंगा दिखा रहे अजय पांडे, सड़क पर कचरा फेंकने का वीडियो आया सामने
उजाला टुडे कोंडागांव 30 जनवरी 2026- कोंडागांव: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प जहां एक ओर आम नागरिक दोहरा रहे हैं, वहीं कुछ रसूखदार और गैर-जिम्मेदार लोग सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने में गर्व महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस भवन रोड से कोर्ट जाने वाले मार्ग पर स्थित ‘अभिनव रिपेयरिंग सेंटर’ के संचालक की कार्यप्रणाली अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अभिनव रिपेयरिंग सेंटर के मालिक की मनमानी
स्थानीय लोगों और दुकानदारों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिनव रिपेयरिंग सेंटर के मालिक अजय पांडे पिछले कई महीनों से अपनी दुकान का सारा कचरा और गंदगी झाड़ू लगाकर सीधे मुख्य सड़क पर डाल रहे हैं। वायरल वीडियो में अजय पांडे को सरेआम सड़क के बीच कचरे का ढेर लगाते देखा जा सकता है। यह सड़क शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है, जो कोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों को जोड़ती है।
दुकानदारों और राहगीरों में भारी आक्रोश
अजय पांडे की इस हरकत से आस-पास के व्यापारी बेहद परेशान हैं। पड़ोस के दुकानदारों का आरोप है कि:
- समझाने पर अजय पांडे विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं।
- सड़क पर पड़ा कचरा गाड़ियों के गुजरने से उड़कर अन्य दुकानों और राहगीरों के ऊपर जाता है।
- स्वच्छता के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल?
शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि जब सरकार स्वच्छता सर्वेक्षणों में करोड़ों खर्च कर रही है, तब अजय पांडे जैसे लोग शहर की रैंकिंग खराब कर रहे हैं। सवाल यह भी उठता है कि क्या नगरपालिका की टीम इस मार्ग से नहीं गुजरती? क्या अब तक इस दुकानदार पर कोई चालानी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
सख्त कार्रवाई की दरकार
अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने और वीडियो साक्ष्य सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन ‘अभिनव रिपेयरिंग सेंटर’ और इसके मालिक अजय पांडे पर क्या कार्रवाई करता है। जनता की मांग है कि भारी जुर्माना वसूल कर नजीर पेश की जाए ताकि भविष्य में कोई भी सड़क को डस्टबिन बनाने की हिम्मत न करे।


