संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
उजाला टुडे न्यूज़: कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कामयाबी, टावर से बैटरी उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पुलिस की गिरफ्त में
इंजीनियर ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, 13 लाख से ज्यादा का सामान जप्त, 4 शातिर आरोपी गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव 3 फरवरी 2026- कोण्डागांव: जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भापुसे) के कुशल मार्गदर्शन में कोण्डागांव पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसका सरगना खुद टावर का इंजीनियर है। पुलिस ने इस मामले में चोरी करने वाले और चोरी का माल खपाने वाले कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 लाख 22 हजार रूपये की सामग्री जप्त की है।
विस्तृत घटनाक्रम
बीते 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रामकुमार राय ने थाना उरन्दाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जनवरी को ग्राम भोगापाल स्थित जियो टॉवर से अज्ञात चोरों ने 72 नग बैटरियां चोरी कर ली हैं। मामला गंभीर होने के कारण एसपी पंकज चन्द्रा ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
जांच को गति देने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौषलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (फरसगांव) अभिनव उपाध्याय एवं उप पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण में थाना उरन्दाबेड़ा एवं सायबर सेल की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
सायबर सेल ने बिछाया जाल
सायबर सेल की टीम ने टावर डेटा डम्प विश्लेषण के जरिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में पता चला कि जियो कम्पनी का टेक्नीशियन राघवेन्द्र साहू घटना के समय वहां मौजूद था। पुलिस की कड़ी पूछताछ में राघवेन्द्र ने अपने साथी कृष्णा कुमार साहू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही बताया कि वे चोरी की बैटरियां रायपुर के कबाड़ी समर मोहम्मद के माध्यम से राजनांदगांव के आबिद मलिक को बेचते थे।
जब्ती और गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर और राजनांदगांव से खरीदारों को भी पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से:
- 24 नग बैटरी (कीमती 1 लाख 72 हजार)
- स्क्रैप की रकम 50 हजार रूपये
- घटना में इस्तेमाल स्कार्पियो (CG 05 AE 5183) कीमती 11 लाख रूपये बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल
- राघवेन्द्र कुमार साहू (33 वर्ष): निवासी भठेली, जिला धमतरी। (मास्टरमाइंड)
- कृष्णा कुमार साहू (33 वर्ष): निवासी भखारा, जिला धमतरी।
- आबिद मलिक (23 वर्ष): निवासी बुलंदशहर (यूपी), हाल राजनांदगांव।
- समर मोहम्मद मालिक (37 वर्ष): निवासी मेरठ (यूपी), हाल भानपुरी, रायपुर।
पूरी टीम का रहा विशेष योगदान
सफलतापूर्वक कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में ये अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे:
- थाना उरन्दाबेड़ा से: निरीक्षक रोशन कौशिक, प्रआर राजेन्द्र बघेल, आरक्षक सोमेश कश्यप, हेमराज नेताम, मनोज मरकाम।
- सायबर सेल से: निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्रआर रीतुराज, अजय बघेल, आरक्षक बीजू यादव, बिरझू यादव, अजय देवांगन, संतोष कोडोपी एवं परमेश्वर साहू।
बने रहिये उजाला टुडे न्यूज़ के साथ, सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए।


