संपादक,संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
पुरानी रंजिश में गला काटकर हत्या करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, मर्दापाल पुलिस की बड़ी कामयाबी
उजाला टुडे कोंडागांव 4 फरवरी 2026- मर्दापाल/कोण्डागांव कोण्डागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम होलमांदरी में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने बांस के डंडे और लोहे की टंगिया (कुल्हाड़ी) से वार कर घटना को अंजाम दिया था।
घटना का संक्षिप्त विवरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी समलू कोर्राम ने थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साले फोहडू राम बघेल (50 वर्ष) की हत्या पुरानी रंजिश के कारण कर दी गई है। आरोपी उसारू कोर्राम (40 वर्ष), जो कि मेंढ़पाल का निवासी है, ने आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते फोहडू राम पर डंडे और टंगिया से हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज शुक्ला ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को ग्राम गोनावण्ड रोड के पास जंगल से दिनांक 03.02.2026 को ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पूर्व में हुए लड़ाई-झगड़े और पुरानी रंजिश के कारण उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
कानूनी कार्रवाई और टीम का योगदान
मर्दापाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को आज दिनांक 04.02.2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय कोण्डागांव में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि नरेश कुमार साहू, प्र.आर. मूलचन्द बघेल, संत राम नायक, हिरडू राम बघेल और आरक्षक समीर नेताम, विमलेश सिंह, तोषण कश्यप, भुनेश्वर मरकाम व मेघनाथ यादव का विशेष योगदान रहा।

