संपादक,संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
लापरवाही पर गिरी गाज: जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम गिरोला में निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
उजाला टुडे कोंडागांव 5 फरवरी 2026- कोण्डागांव: ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए प्रशासन अब कड़े रुख में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने आज विकासखण्ड कोण्डागांव की ग्राम पंचायत गिरोला का औचक दौरा किया। यहाँ उन्होंने निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का जायजा लिया और कार्य में शिथिलता बरतने वालों को सख्त हिदायत दी।
हितग्राहियों से सीधा संवाद और गुणवत्ता की जांच
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने सीधे तौर पर योजना के लाभार्थियों— हिरामती, मेहरारिन, सावित्री और दशाय— से मुलाकात की। उन्होंने हितग्राहियों से निर्माण में आ रही समस्याओं और अब तक मिली किस्तों के बारे में जानकारी ली। साथ ही, मौके पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की गई।
सचिव को थमाया ‘कारण बताओ’ नोटिस
ग्राम पंचायत में कार्यों की धीमी गति और प्रबंधन में कमी पाए जाने पर सीईओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने:
- ग्राम पंचायत सचिव विद्या देवांगन को कार्य में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि जो आवास अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें अविलंब प्रारंभ कराया जाए।

अधिकारियों को सख्त निर्देश
सीईओ अविनाश भोई ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधियों और तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि:
-
- अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
- निरीक्षण के दौरान मिली तकनीकी कमियों को तत्काल सुधारा जाए।
उपस्थिति: > इस दौरान जनपद पंचायत कोण्डागांव के सीईओ उत्तम कुमार महोबिया सहित जिला एवं जनपद पंचायत के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


