संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
अस्पताल की बदहाली पर आक्रोश: राष्ट्रीय बजरंग दल ने SDM को सौंपा ज्ञापन, दी घेराव की चेतावनी
उजाला टुडे कोंडागांव 27 फरवरी 2026- कोण्डागांव। जिले के मुख्य चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर आज अंतरराष्ट्रीय परिषद बजरंग दल और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया है। जनहित के मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम (SDM) के नाम ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
मरीजों की बदहाली और सुविधाओं का अभाव
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि कोण्डागांव जिला अस्पताल में लंबे समय से एक्स-रे, सीटी स्कैन, ऑपरेशन और ब्लड बैंक जैसी आवश्यक सुविधाएँ सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही हैं। इन अव्यवस्थाओं के कारण दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। अस्पताल की इस स्थिति को लेकर आम जनता में भारी रोष व्याप्त है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि अस्पताल की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया, तो राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा जिला अस्पताल का उग्र घेराव किया जाएगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर प्रशासन की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञापन के दौरान मौजूद पदाधिकारी
इस दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित पदाधिकारी उपस्थित रहे:चंद्रभान श्रीवास्तव (संभाग महामंत्री),हेमंत कौशिक (संभाग अध्यक्ष),समीर दुबे (जिला अध्यक्ष),सानू बघेल (रा. जिला अध्यक्ष),गोवर्धन पटेल, शिशिर बेहरा, पिला शार्दूल, मेघनाथ, लखीराम, लोकेश एवं अन्य जिला पदाधिकारी।
