संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
गौरव: कोंडागांव की बेटी हर्षिता टेकाम ने पटना में जीता गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय कुष्ठ सम्मेलन में लहराया छत्तीसगढ़ का परचम
उजाला टुडे कोंडागांव 02 मार्च 2026-केशकाल/कोंडागांव: छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। कोंडागांव जिले के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ टेकाम की सुपुत्री सुश्री हर्षिता टेकाम ने पटना (बिहार) में आयोजित 33वें द्विवार्षिक आईएएल (IAL) राष्ट्रीय कुष्ठ सम्मेलन में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
पोस्टर प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
एम्स (AIIMS) पटना में 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित इस गरिमामय सम्मेलन का मुख्य विषय ‘कुष्ठ रोग मुक्त भारत’ था। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पोस्टर प्रतियोगिता में हर्षिता ने अपनी कला और जागरूकता के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें इस उपलब्धि के लिए गोल्ड मेडल से नवाजा गया है।
सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को
अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हर्षिता टेकाम ने कहा:
”मैने इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। मेरी इस सफलता के पीछे माता-पिता का निरंतर प्रोत्साहन और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। मैं यह अवार्ड जिले और प्रदेश की जनता को समर्पित करती हूं और सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती हूं।”
शुभकामनाओं का तांता
विधायक नीलकंठ टेकाम की सुपुत्री की इस बड़ी उपलब्धि पर केशकाल सहित पूरे कोंडागांव जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने हर्षिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।

