
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी: लिखित आदेश तक आंदोलन जारी रखने का फैसला
उजाला टुडे कोंडागांव,12 सितंबर 2025: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल आज 25वें दिन भी जारी रही। भविष्य की रणनीति पर चर्चा के लिए रायपुर में प्रदेश के सभी 33 जिलों के जिलाध्यक्षों और प्रांतीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार नियमितीकरण और ग्रेड पे सहित 10 सूत्रीय मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने कहा कि वे 18 अगस्त 2025 से जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले 20 वर्षों से बिना सामाजिक सुरक्षा और न्यूनतम वेतन पर काम करने के बावजूद सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी और प्रदेश प्रवक्ता पूरन दास ने कहा कि एनएचएम कर्मियों ने कोरोना काल सहित हर आपात स्थिति में अपनी सेवाएँ दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय कर्मचारियों पर कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।
प्रदेश महासचिव कौशलेश तिवारी ने सरकार से आग्रह किया कि यह आंदोलन 20 वर्षों से लंबित मूलभूत मांगों के लिए है, जिन्हें सरकार को तुरंत पूरा करना चाहिए।
एनएचएम कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जा सके और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ सामान्य हो सकें। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के कई सदस्य और सभी जिलों के पदाधिकारी मौजूद थे।

