जब एक उंगली पर उठा था गोवर्धन पर्वत आखिर क्यों मनाई जाती है यह पूजा, जानिए आस्था के पीछे छिपा प्रकृति और संरक्षण का संदेश

उजाला टुडे न्यूज 10 नवंबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
विशेष खबर
किरंदुल। कहते हैं, “प्रकृति है तो जीवन है और अन्न है तो संसार है।”भारतीय संस्कृति में ऐसे अनेक पर्व हैं, जो केवल धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि जीवन जीने की सीख से भी जुड़े हैं। इन्हीं में से एक है गोवर्धन पूजा। दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत लीला, गौसेवा, अन्न के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की अनूठी कहानी कहता है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर गोवर्धन पूजा की शुरुआत कैसे हुई और भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी-सी उंगली पर पूरा पर्वत क्यों उठाया था? पौराणिक कथा के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी वर्षा के देवता इंद्र की पूजा किया करते थे। बालकृष्ण ने उन्हें समझाया कि हमारे जीवन का आधार प्रकृति, गोवर्धन पर्वत, गौवंश और धरती है। इसलिए इनका सम्मान और पूजन करना चाहिए। श्रीकृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। चारों ओर जलप्रलय जैसी स्थिति बन गई। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों और उनके पशुधन को सुरक्षित आश्रय दिया। अंततः इंद्रदेव को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण की महिमा स्वीकार की।
इसी ऐतिहासिक धार्मिक प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है। फूलों, दीपों और रंगोली से सजाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है। भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है तथा गौमाता की पूजा कर उनके प्रति सम्मान और सेवा का भाव प्रकट किया जाता है।
कहावत है, जिसका अन्न खाते हैं, उसका सम्मान करना चाहिए। गोवर्धन पूजा भी हमें अन्न की महत्ता और प्रकृति के उपकारों को याद रखने की प्रेरणा देती है। यह पर्व सिखाता है कि मनुष्य प्रकृति से बड़ा नहीं, बल्कि उसी का एक हिस्सा है। आज जब पर्यावरण असंतुलन, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी चुनौतियां सामने हैं, तब भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें एक महत्वपूर्ण सीख देती है। पर्वत, पेड़-पौधे, जल, मिट्टी और पशुधन केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन के आधार हैं। कहते हैं, “बूंद-बूंद से सागर भरता है और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव आते हैं।”ऐसे में गोवर्धन पूजा का वास्तविक संदेश केवल दीप जलाने और भोग लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा, अन्न की बचत, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना भी है।
गोवर्धन पूजा हमें यही याद दिलाती है कि सच्ची समृद्धि केवल धन-दौलत में नहीं, बल्कि प्रकृति के संतुलन, अन्न के सम्मान और आपसी सद्भाव में छिपी है।
